Thursday, February 18, 2016

...और रक्षा मंत्री मोबाइल उद्घाटन में नहीं गये


...और रक्षा मंत्री मोबाइल उद्घाटन में नहीं गये

साजिद खान, सम्पादक, दैनिक महका राजस्थान
दैनिक महका राजस्थान के प्रधान सम्पादक एवं वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल सत्तार सिलावट के आलेख में फ्रीडम 251 मोबाइल की सत्यता पर उठाये सवालों की प्रति जब देश के रक्षा मंत्री तक पहुँची तब उन्होंने भी मोबाइल कम्पनी के मालिकों से हमारे लेख में उठाई गई शंकाओं का स्पष्टीकरण मांगा तो मोबाइल कम्पनी रक्षा मंत्री को संतुष्ट करने में असफल रही और देश के रक्षा मंत्री ने 251 रूपये में बेचने का दावा करने वाली कम्पनी के ‘भव्य उद्घाटन’ से किनारा कर दिया और नहीं गये रक्षा मंत्री।
भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि स्मार्ट फोन 251 पर दैनिक महका राजस्थान द्वारा भेजे लेख पर अधिकारियों ने गंभीरता पूर्वक विचार-विमर्श कर माननीय रक्षा मंत्री को 251 रूपये के मोबाइल बेचने के दावों में संभावित विवादों से अवगत करवाने पर स्वयं रक्षा मंत्री जी ने ही भव्य उद्घाटन में जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया।
वैसे तो खबरों पर सरकार, मंत्रियों और राजनेताओं का संज्ञान लेना आम बात है लेकिन यह खबर आप तक इसलिए पहुँचाई जा रही है कि देश के बड़े टीवी चैनलों और मल्टीकलर अखबारों की दौड़ में गाँव, ढ़ाणी, कस्बे या छोटे शहर में चार-आठ पेज का श्वेत-श्याम दैनिक, साप्ताहिक या पाक्षिक अखबार वाला पत्रकार स्वयं को छोटा और असहाय नहीं समझें। जनहित में, राजहित में, और कभी-कभी अपने हित में भी बिना संकोच कलम उठाकर लिखें, सत्ता के गलियारों तक सोशल मीडिया के साधनों से भेजें। आपकी बात में दम होगा तो सुनवाई जरूर होगी। एक शर्त सामने रखें कि जब आप कलम उठायें जो आप कांग्रेसी, भाजपाई, हिन्दू, मुसलमान से अलग हटकर सिर्फ पत्रकार और सिर्फ पत्रकार ही होंगे।

Wednesday, February 17, 2016

देश के रक्षा मंत्री और 251 रूपये का मोबाइल...


देश के रक्षा मंत्री और 251 रूपये का मोबाइल...

अब्दुल सत्तार सिलावट                                                             
राजस्थान के घर-घर तक आज एक राष्ट्रीय हिन्दी समाचार पत्र के पहले पन्ने पर मोबाइल फोन के बेचने का भव्य उद्घाटन का विज्ञापन छपा। मुख्य अतिथि देश की तीनों सेनाओं के प्रमुख रक्षामंत्री के साथ अध्यक्षता के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद का नाम फोटो सहित। देश के प्रधानमंत्री के तीनों स्लोगन 'मेक इन इंडिया', 'डिजिटल इंडिया' एवं 'स्किल इंडिया' प्रमुखता से छापा है। इसी पृष्ठ के पीछे मोबाइल स्मार्ट फोन के फोटो के साथ स्मार्ट फोन की किमत मात्र 251 रूपये, फोन का नाम फ्रिडम 251, फिचर 3जी के साथ इन दिनों देश में बिक रहे 10 हजार से लेकर 25 हजार तक के स्मार्ट फोन से बेहतर, साथ में एक साल की वारंटी।
स्मार्ट फोन को 251 रूपये में बेचने वाली कम्पनी ने किमत पर कहीं भी *स्टार लगाकर छोटे अक्षरों में शर्तें लागू या पहले 100 फोन तक 251 रूपये का अन्य आकर्षक व्यापारिक कलाबाजी का प्रयोग नहीं किया है। स्मार्ट फोन बेचने वाली कम्पनी ने अपने भव्य उद्घाटन में देश के रक्षा मंत्री को मुख्य अतिथि बनाया है इसलिए ग्राहकों के साथ धोखा होने की संभावना भी लगाना हमारी गलत सोच और मानसिक संकीर्णता दर्शायेगा। विज्ञापन में स्मार्ट मोबाइल फोटो भी तिरंगे और अशोक चक्र के साथ छापा है इसलिए धोखाधड़ी होने की सोच पर 'राष्ट्रद्रोह' के आरोप में पुलिस गिरफ्तार भी कर सकती है। इसलिए हम स्मार्ट फोन की बुकिंग के लिए सुबह 6:00 बजे से प्रयास कर रहे हैं लेकिन कम्पनी ने राजस्थान में दो रंगीन पृष्ठों का विज्ञापन तो छपवा दिया मगर स्मार्ट फोन की बुकिंग के लिए राजस्थान में किसी शहर के डिलर का नाम या फोन नम्बर नहीं छापा है जबकि राजस्थान के पडौसी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी शहरों के डिलर के नाम और फोन नम्बर हैं। इससे लगता है कि स्मार्ट फोन की कम्पनी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों की तैयारी में किसी राजनीतिक दल की सहयोगी बनने की तैयारी में हैं। यह मात्र 'कयास' है इसके ठोस प्रमाण या सबूत अब तक नहीं मिल रहे हैं।
आज के विज्ञापन के अनुसार यदि वास्तव में स्मार्ट फोन 251 रूपये में आ गया है तो अब तक 10 हजार से 48 हजार रूपये तक स्मार्ट फोन बेचने वाली कम्पनियों ने हम भोले-भाले भारतीय ग्राहकों को ठगा है। जिस स्मार्ट फोन को देश के रक्षा मंत्री के हाथों 'भव्य उद्घाटन' करवाकर कम्पनी बड़े-बड़े अखबारों में करोड़ों रूपये विज्ञापन पर खर्च कर रही है यह खर्च भी तो 251 रूपये के स्मार्ट फोन से ही निकलेगा।
हम रक्षा मंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री जी से अनुरोध करेंगे कि जिस स्मार्ट फोन की लागत सौ-दो सौ रूपये ही आती है उसको दो सौ गुना मुनाफे पर बेचका देश की जनता को लूटने वाली कम्पनियों के खिलाफ अब तक बेचे स्मार्ट फोन की लागत 251 रूपये घटाकर कम्पनियों से देश के ग्राहकों से लूटा गया करोड़ों-अरबों रूपया वसूला जाये और सरकारी खजाने में स्मार्ट फोन की अवैध वसूली से आने वाले अरबों रूपये को देश की तीनों सेनाओं के आधुनिकीकरण पर ही खर्च किया जाये, क्योंकि यह लूट का धन आज देश के रक्षा मंत्री द्वारा 251 रूपये के स्मार्ट फोन बेचने वाली कम्पनी के 'भव्य उद्घाटन' से ही 'रहस्योद्घाटन' हुआ है।
अन्त में ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि स्मार्ट फोन 251 रूपये में बेचने वाली कम्पनी 21 फरवरी तक बुकिंग के बाद करोड़ों रूपये लेकर भाग जाये तो ठगे उपभोक्ताओं द्वारा पुलिस या कोर्ट केस में मेरे देश के रक्षा मंत्री और सांसद को 'कटघरे' में खड़ा नहीं होना पड़े। यह भी मात्र संभावना और बुरी सोच ही है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं)

Tuesday, February 16, 2016

मुसलमान आईएस से दूर रहेंः प्यारे मियां


मुसलमान आईएस से दूर रहेंः प्यारे मियां

अब्दुल सत्तार सिलावट                                                      
राजस्थान में पिछले कुछ समय से इराक और सीरिया में चल रहे गृह युद्ध में लड़ाके संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से मुस्लिम युवाओं के जुड़ने की ख़बरों से राजस्थान आज भी सुरक्षित एवं अछुता है भले ही एक दो युवा छात्रों को शक से गुज़रना पड़ रहा है।
राजस्थान के मुस्लिम नेता एवं ऑल इंडिया हकीम अज़मल खां मेमोरियल सोसायटी के चेयरमैन नवाब नसीमुद्दीन खां प्यारे मियां ने बताया कि राज्य का मुसलमान मुख्यतः शांति-अमन एवं भाईचारे में विश्वास करने वाला है साथ ही इराक सीरिया की जंग तो बहुत दूर की लड़ाई है, राजस्थान का मुसलमान तो सीमा से जुड़े पाकिस्तान की नफ़रत वाली राजनीति से भी कोसो दूर रहता है।
नवाब प्यारे मियां ने बताया कि देश भर में जब भी कौमी दंगे हुए हैं उसकी आग से राजस्थान का मुसलमान हमेशा दूर रहा है एवं ‘पराई आग’ को अपने घर (राजस्थान) के आंगन में लाने का हमेशा से विरोधी रहा है। आपने कहा कि आज का युवा फेसबुक, व्हाट्सएप, इंटरनेट से जुड़ा होने के कारण कई बार मीडिया की ख़बरों से आईएस की पत्रिका का नाम मिलने पर जिज्ञासावश उन्हें खोलकर देख लेता है जबकि ऐसे लड़ाकू संगठनों से जुड़ने की बात तो दूर वहां की घटनाओं से भी हमारा युवा अनभिज्ञ है।
नवाब नसीमुद्दीन खां प्यारे मियां ने राजस्थान के मुसलमानों को इराक-सीरिया की आग से दूर रखने के लिए प्रदेश भर से समाज प्रमुखों, आलीम एवं कौम के रहनुमाओं का गुलाबी नगर जयपुर में एक सम्मेलन आयोजन कर समाज में आईएस विरोधी जागरुकता का प्रचार-प्रसार करने की भी तैयारी की है और अगले माह में यह आयोजन सम्भव है।
इराक-सीरिया में इस्लाम के नाम पर आईएस के लड़ाकों द्वारा लड़ी जा रही जंग को इस्लाम विरोधी बताते हुए नवाब प्यारे मियां ने बताया कि अल्लाह ने किसी भी इंसान के ख़ून बहाने को ज़ायज नहीं बताया है ऐसी जंग जिसमें अपना आधिपत्य कायम करना हो उसे हराम करार दिया गया है। इस्लाम में सब्र, अमन और भाई चारे का पैगाम हमारे नबी मोहम्मद (स.अ.व.) ने दिया है और हर मुसलमान इस पर चलकर अपने इमान पर फ़ख्र करता है।
नवाब प्यारे मियां ने राजस्थान के मुसलमानों को आव्हान किया कि आज भले ही देश में भाजपा की सरकार है, लेकिन सरकार और इनके समर्थक संगठन आरएसएस, विश्व हिन्दू परिषद एवं अन्य अपने मज़हब के प्रति समर्पित ज़रूर हैं, लेकिन मुस्लिम विरोधी नहीं है जबकि कुछ ‘ख़ुराफाती’ लोग उल-जलूल बयानबाज़ी कर देश के अमन एवं कौमी एकता को बिगाड़ना चाहते हैं ऐसे लोगों के मिशन को कामयाब नहीं होने देने के लिए मुस्लिम युवाओं को जागरूक कर सरकार द्वारा घोषित अल्पसंख्यक विकास योजनाओं से जुड़कर शिक्षा, रोजगार के साथ देश के विकास की मुख्य धारा से जोड़ने में भागीदारी निभाऐं।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं)